Friday, November 19, 2010

बिहार को मिला प्रगतिशील राज्य का सम्मान

पटना, जागरण ब्यूरो। नई दिल्ली में इंडिया टुडे द्वारा शुक्रवार को आयोजित स्टेट आफ स्टेट्स कार्यक्रम में तेजी से प्रगति कर रहे राज्य के तौर पर बिहार को सम्मानित किया गया। सूबे का चयन स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि के आधार पर किया गया है। समारोह में उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को सम्मान का प्रतीक चिह्न प्रदान किया।

प्रदेशों के चयन के लिए अर्थशास्त्री लवीश भंडारी और विवेक राय ने आधारभूत संरचना, निवेश का माहौल, कृषि, उपभोक्ता बाजार, प्राथमिक शिक्षा, प्रशासन तथा प्राथमिक स्वास्थ्य को मापदंड बनाया था। उसके आधार पर हुई विभिन्न राज्यों की रैंकिंग में बिहार को तेजी से प्रगति कर रहे राज्य के रूप में रेखांकित किया गया है।

श्री मोदी ने बताया कि कार्यक्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में बिहार की प्रगति को उल्लेखनीय बताया गया। यह टिप्पणी की गयी कि स्वास्थ्य एवं शिक्षा में बढ़े सरकारी व्यय के परिणामस्वरूप राज्य में सामाजिक प्रक्षेत्र लाभान्वित हुआ है। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी, केरल के मुख्यमंत्री वी.एस.अच्यूतानंद, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, हिमाचल के मुख्यमंत्री पीके धूमल व कई राज्यों के मंत्री उपस्थित थे।

source: jagran.yahoo.com